हर्ष सैनी (हरिद्वार) हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी इलाके में तेज रफ्तार और बेतरतीब बाइक चलाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ युवा मॉडिफाइड बाइकों से रैश ड्राइविंग और स्टंट करते हैं, जिससे गली में खेलने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।

शुक्रवार को एक बिना नंबर प्लेट की बाइक ने गली में खेल रहे बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे बच्चा घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय युवकों ने बाइक सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में हुई घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बताया जा रहा है कि बाइक तेज गति से गली में आ रही थी और इसी दौरान सड़क पर खेल रहे बच्चे को टक्कर लग गई।

हादसे में बच्चे को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने बाइक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी होने और जरूरी कागजात नहीं मिलने के कारण पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, बाइक के चोरी की होने या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से जुड़े होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थानीय युवकों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ बाइक सवार लंबे समय से तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं और मॉडिफाइड बाइकों से स्टंट भी करते हैं।

लोगों का कहना है कि कई बार युवाओं को समझाने के बावजूद रैश ड्राइविंग पर अंकुश नहीं लग पाया। स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान से भी कई बार गांव की सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग किए जाने की बात कही है। उनका आरोप है कि इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से क्षेत्र में वाहन चेकिंग बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed