हर्ष सैनी (हरिद्वार) – अंकिता भंडारी प्रकरण में व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक होने के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इस मामले को लेकर महिला कांग्रेस ने हरिद्वार में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विनोद आर्य के आवास की ओर कूच किया और मामले में गिरफ्तारी की मांग उठाई।

वहीं प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने प्रोटेस्ट कर रही महिलाओं को समझाने का भी प्रयास किया।

प्रदर्शनकारियों ने विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाते हुए सार्वजनिक हुई व्हाट्सएप चैट से जुड़े सवालों पर जवाब मांगा।

ज्योति रौतेला के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े सवालों का जवाब मिलना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। हरिद्वार में हुए इस प्रदर्शन के बाद अंकिता भंडारी प्रकरण एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed