हर्ष सैनी (हरिद्वार) रुड़की – नगर निगम के वार्ड नंबर एक शेरपुर में बीती रात आग लगने से राज टैंट हाउस का पूरा कारोबार जलकर राख हो गया। महज एक चिंगारी ने टैंट हाउस के मालिक विश्वराज सैनी की पिछले 26 वर्षों की मेहनत और संघर्ष से खड़े किए गए कारोबार को कुछ ही घंटों में तबाह कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि करीब चार घंटे तक चली मशक्कत के बावजूद टैंट हाउस में रखा सामान नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शेरपुर में हाईवे किनारे स्थित राज टैंट हाउस में रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग से उठता धुआं देखकर पास के भवन में रह रहे विश्वराज सैनी के परिजनों और परिचितों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन शुरुआत में छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची। पानी की कम क्षमता के कारण आग पर काबू पाने में यह गाड़ी कारगर साबित नहीं हो सकी।

इसके बाद मंगलौर और बहादराबाद से बड़ी दमकल गाड़ियां मंगाई गईं। बताया गया कि दमकल गाड़ियों को पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब तक आग टैंट हाउस में रखे लगभग पूरे सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग बराबर के रिहायशी भवन तक भी पहुंच गई थी। बाद में अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद रिहायशी भवन में लगी आग पर काबू पाया। घटना में टैंट हाउस का भारी नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही बड़ी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। सोलानी पुल से बड़ी गाड़ी के नहीं आ पाने के कारण छोटी गाड़ी भेजे जाने और दमकल व्यवस्था में हुई देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही रात में ही बड़ी संख्या में लोग विश्वराज सैनी का हाल जानने मौके पर पहुंचे। विश्वराज सैनी लोकतांत्रिक जनमोर्चा के संस्थापक सदस्य हैं और शेरपुर निवासी स्वर्गीय चौधरी छतर सिंह सैनी के नाती हैं। वह लंबे समय से कांवड़ सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। घटना के बाद सर्वसमाज के लोग लगातार उनके पास पहुंचकर ढांढस बंधा रहे हैं। उनके पड़ोसी और परम मित्र संजय सैनी भी इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं। 26 वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार इस तरह उजड़ने से विश्वराज सैनी और उनके परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र के लोग इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े होकर उन्हें हिम्मत दे रहे हैं।

सोलानी पुल बंद होने से राज टैंट हाउस में बढ़ा आग से नुकसान: सुभाष सैनी

रुड़की – लोकतांत्रिक जनमोर्चा के संयोजक एवं कांग्रेस नेता सुभाष सैनी ने राज टैंट हाउस में आग लगने की घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से सोलानी नदी पुल बड़े वाहनों के आवागमन के लिए बंद है। भाजपा सरकार ने पुल के नवनिर्माण को लेकर गंभीर सक्रियता नहीं दिखाई, जिसके चलते निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि यदि पुल समय पर बन जाता तो अग्निशमन विभाग की बड़ी गाड़ी सीधे घटनास्थल पर पहुंच सकती थी और समय रहते आग बुझाकर लाखों रुपये का नुकसान बचाया जा सकता था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed