हर्ष सैनी (हरिद्वार) देहरादून/हरिद्वार – 30 अक्टूबर 2026: राष्ट्रीय महिला आयोग युवाओं को महिलाओं से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखने और उनके समाधान सुझाने का अवसर देने जा रहा है। इसके लिए आयोग देशभर में ‘मॉक राष्ट्रीय महिला आयोग सलाहकार समिति’ कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस अभियान की शुरुआत 30 और 31 अक्टूबर 2026 को ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के साथ होगी। कार्यक्रम में 18 से 30 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकेंगे। चर्चा का मुख्य विषय ‘मनोरंजन के डिजिटल मंचों पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व’ होगा। इसमें युवा फिल्मों और वेब सीरीज में महिलाओं की छवि, उनके सम्मान और मनोरंजन का समाज पर पड़ने वाले प्रभाव जैसे मुद्दों पर अपनी राय रखेंगे। फिल्मों और वेब सीरीज में महिलाओं को किस तरह दिखाया जाता है? क्या मनोरंजन की दुनिया में महिलाओं की सही तस्वीर सामने आ रही है? क्या महिलाओं को मजबूत और आत्मनिर्भर रूप में दिखाने की जरूरत है? ऐसे ही सवालों पर अब देश के युवा अपनी राय रखेंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि “युवा देश की शक्ति हैं। महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी बहुत जरूरी है। मॉक राष्ट्रीय महिला आयोग सलाहकार समिति के माध्यम से युवाओं को अपनी बात रखने और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। हमारा प्रयास है कि युवा महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर आगे आएं और एक बेहतर समाज बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।”

चुने गए युवाओं को एक साल तक आयोग के साथ काम करने का मौका

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि इसमें चुने गए प्रतिभागियों को एक साल के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की युवा सलाहकार समिति का सदस्य बनने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से युवा महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर आयोग को अपने सुझाव दे सकेंगे।
समिति के सदस्यों की घोषणा 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किए जाने की योजना है। यह युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बात रखने और महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर बदलाव लाने की दिशा में काम करने का बड़ा अवसर होगा।
ऐसे ले सकते हैं कार्यक्रम में भाग
इस कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक युवा राष्ट्रीय महिला आयोग के सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, विज्ञप्ति के साथ दिये गए गूगल फॉर्म के माध्यम से भी आवेदन पत्र भरा जा सकता है। ( https://forms.gle/yNWoPsqg48i9jRzw9 ) प्राप्त आवेदनों में से चुने गए युवाओं को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

राष्ट्रीय महिला आयोग का मानना है कि युवा देश का हैं। महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी सोच, उनके सुझाव और उनकी भागीदारी समाज को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस पहल के माध्यम से आयोग चाहता है कि युवा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को समझें और समस्याओं के समाधान में योगदान दें।

(उक्त जानकारी राष्ट्रीय महिला आयोग के मीडिया सलाहकार शिवम गर्ग के द्वारा दी गई है)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *