हर्ष सैनी (हरिद्वार) हरिद्वार – बहादराबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत रावली महदूद की पवन पुत्र कॉलोनी में कामकाजी महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘पालना शिशु घर’ का शुभारंभ किया गया। ग्राम प्रधान प्रमोद पाल ने पूजा-अर्चना कर शिशु घर की शुरुआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं महिलाएं मौजूद रहीं। शिशु घर के माध्यम से कामकाजी महिलाओं को अपने छोटे बच्चों की देखरेख को लेकर राहत मिलेगी। यहां बच्चों के पोषण, देखभाल और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता की जाएगी, जिससे महिलाएं अपने कार्य पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर सकें।

ग्राम प्रधान प्रमोद पाल ने बताया कि पूरी ग्राम पंचायत रावली महदूद में 20 से अधिक पालना शिशु घर सेंटर खोले जाने की योजना है। इन केंद्रों के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाली कामकाजी महिलाओं और उनके छोटे बच्चों को सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की बेहतर देखभाल और महिलाओं को सहयोग देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे केंद्रों के संचालन से कामकाजी महिलाओं को अपने बच्चों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्राम प्रधान प्रमोद पाल ने पालना शिशु घर की स्थापना और इस पहल में सहयोग के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था के सहयोग से ग्राम पंचायत में बच्चों की देखभाल और महिलाओं के सहयोग से जुड़ी इस पहल को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर गीता राम चमोली और फाउंडेशन की सुपरवाइजर वंदना , स्थानीय नागरिक, महिलाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *