हर्ष सैनी (हरिद्वार) हरिद्वार – शिवालिक हाइट्स जूनियर हाई स्कूल, फ्रेंड्स कॉलोनी, रावली महदूद, में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और गणेश वंदना के साथ किया गया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत की गई मधुर गणेश वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का हृदय से अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में कैलाश भंडारी, मंडल अध्यक्ष, नगर पालिका शिवालिक नगर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पंकज चौहान, सभासद, शिवालिक नगर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसके साथ ही विद्यालय के सचिव संचित डागर और विद्यालय के चेयरमैन प्रोफेसर आर. के. एस. डागर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सरोज बाला ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और बच्चों को बचपन से ही सेवा भाव सिखाना आवश्यक है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालय में कई रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

1. चित्रकला प्रतियोगिता: बच्चों ने सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और देश सेवा जैसे विषयों पर बहुत ही सुंदर और आकर्षक चित्र बनाए। बच्चों की कल्पनाशीलता और रंगों के प्रयोग ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसमें प्रथम स्थान शिवराज, दूसरा स्थान खुशी, तथा तीसरा स्थान अनिका त्रिपाठी का रहा।

2. निबंध प्रतियोगिता: इस प्रतियोगिता में बच्चों ने सेवा संकल्प अभियान पर अपने विचार व्यक्त किए। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुणाल भाटी, द्वितीय स्थान नंदिता और तृतीय स्थान के विजेता आराध्या मिश्रा ने प्राप्त किया। सभी विजेताओं की लेखन शैली और विचारों की अतिथियों ने खूब सराहना की।

3. भाषण प्रतियोगिता: भाषण प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। बच्चों ने सेवा का अर्थ, महत्व और समाज में इसकी आवश्यकता पर ओजस्वी भाषण दिए। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मीनाक्षी ने, द्वितीय स्थान अदिति ने और तृतीय स्थान कनिष्का ने प्राप्त किया। उनके आत्मविश्वास और वक्तृत्व कला को देखकर सभी अतिथि प्रभावित हुए

नृत्य प्रस्तुति: विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। देशभक्ति और सांस्कृतिक गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि श्री कैलाश भंडारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिवालिक हाइट्स स्कूल हमेशा से ही संस्कार युक्त शिक्षा के लिए जाना जाता है। सेवा संकल्प जैसे अभियान बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को सेवा भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि श्री पंकज चौहान ने कहा कि आज के समय में ऐसे कार्यक्रमों की बहुत आवश्यकता है। बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए विद्यालय का यह प्रयास सराहनीय है। विद्यालय के चेयरमैन प्रोफेसर आर. के. एस. डागर ने बच्चों को आशीर्वाद दिया और कहा कि यही बच्चे कल के भविष्य हैं और सेवा भाव से ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।

कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने लायक था। अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती सरोज बाला ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बच्चों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों की सराहना की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *